छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 ईंट भट्ठों में बिजली चोरी का मामला पकड़ा है। विद्युत विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण के दौरान यह खुलासा किया। जांच में पाया गया कि कई भट्ठों में अवैध कनेक्शन और मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे शासन को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा था।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि सभी दोषी ईंट भट्ठा संचालकों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। अवैध कनेक्शन तत्काल काट दिए गए हैं और जुर्माने के साथ वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसे निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे।
कोरबा प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों का कहना है कि औद्योगिक और व्यावसायिक इकाइयों में बिजली के दुरुपयोग पर खास नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने अन्य ईंट भट्ठा संचालकों को भी चेतावनी दी है कि नियमों का पालन करें, अन्यथा उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।







