मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि महोत्सव का भव्य आयोजन
महिदपुर। भूतभावन बाबा श्री मुक्तेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए पूरे दिन विविध धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई है।
कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 7:30 बजे महा-अभिषेक होगा। इसके पश्चात प्रातः 8 बजे से 9 बजे तक भगवान शिव को जल अर्पण किया जाएगा। सुबह 9 बजे से सेहरा श्रृंगार का आयोजन होगा, जिसमें भगवान का विशेष अलंकरण किया जाएगा। दोपहर 12 बजे महाआरती संपन्न होगी।
महोत्सव के अंतर्गत भव्य शिव आराधना का आयोजन भी रखा गया है, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक अनिल उज्जैनी द्वारा दोपहर 12.30 बजे से भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं को फरियाली खिचड़ी की महाप्रसादी वितरित की जाएगी।
संध्या 7:30 बजे संध्या महाआरती के साथ दिनभर के कार्यक्रमों का समापन होगा। मंदिर समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।







