शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मे तेजस्वी कार्यक्रम के अंतर्गत तेजस्वी मेले का आयोजन
महिदपुर। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महिदपुर में तेजस्वी कार्यक्रम के अंतर्गत “तेजस्वी मेले” का भव्य आयोजन किया गया। इस मेले का उद्देश्य छात्राओं में उद्यमिता, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता की भावना को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नानी बाई ओमप्रकाश एवं विशिष्ट अतिथियों भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष श्रीमती उमा पांडे, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्री अरुण बुरड़, वार्ड पार्षद श्रीमती आशा राठौर एवं पूर्व जिला मंत्री अन्नपूर्णा परमार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री कैलाश बगाना द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। विद्यालय के प्राचार्य अर्जुन सिंह दावरे द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पहार से स्वागत किया गया। विद्यालय परिसर में विभिन्न स्टॉल लगाए गए, जिनमें छात्राओं ने अपने द्वारा तैयार किए गए शैक्षणिक मॉडल, हस्तशिल्प सामग्री, विज्ञान प्रोजेक्ट, खाद्य पदार्थ तथा रचनात्मक कला का प्रदर्शन किया। सभी स्टॉलों पर छात्राओं का उत्साह और रचनात्मकता देखने योग्य थी।

तेजस्वी कार्यक्रम के प्रभारी इरफान खान ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि तेजस्वी कार्यक्रम विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान और आत्मविश्वास प्रदान करता है। ऐसे आयोजनों से छात्राओं को नई सोच और स्वरोजगार की दिशा में प्रेरणा मिलती है। अतिथियों ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना की और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। तेजस्वी मेला सफलतापूर्वक और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक प्रदीप कुमार राव द्वारा किया गया एवं प्राचार्य अर्जुन सिंह दावरे द्वारा अतिथियों का आभार प्रकट किया गया ।







