विद्यालयों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो होगा उग्र आंदोलन: महेश जायसवाल ।
महिदपुर। महिदपुर स्थित ओएसिस कन्वेंट स्कूल में बुधवार को अवंतिका प्रायवेट स्कूल एसोसिएशन के संचालकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के मुख्य अतिथि अवंतिका अशासकीय विद्यालय के जिला अध्यक्ष महेश जायसवाल तथा तहसील अध्यक्ष प्रेम सिंह परिहार जी रहे।
बैठक की शुरुआत में महिदपुर रोड, झूठावट, झारड़ा एवं महिदपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे विद्यालय संचालकों ने जिला अध्यक्ष महेश जायसवाल का पुष्पमाला पहनाकर भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर महिदपुर रोड से योगेंद्र सिंह शाक्य एवं राकेश दायमा द्वारा जिला अध्यक्ष को चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
बैठक में विद्यालय संचालकों ने आरटीई भुगतान सहित विद्यालयों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को जिला अध्यक्ष के समक्ष रखा। समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए महेश जायसवाल ने कहा कि आरटीई का भुगतान जल्द से जल्द विद्यालयों को मिले, इसके लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे, ताकि विद्यालय संचालक आगामी त्योहारों को बेहतर तरीके से मना सकें।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों की समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में सामने आई समस्याओं के शीघ्र निराकरण का उन्होंने विश्वास दिलाया।
महेश जायसवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि विद्यालयों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो वे विद्यालय संचालकों के हित में उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि विद्यालय संचालकों की समस्याओं को लेकर संगठन पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है।
बैठक में बड़ी संख्या में विद्यालय संचालक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।







