सांसद अनिल फिरोजिया ने भीमखेड़ा में ‘जी राम जी’ योजना की दी जानकारी, युवाओं को व्यायामशाला की सौगात
महिदपुर | मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं को आमजन तक पहुँचाने तथा ग्रामीण अंचलों के समग्र विकास के उद्देश्य से महिदपुर तहसील की ग्राम पंचायत भीमाखेड़ा में एक महत्वपूर्ण जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र के सांसद अनिल फिरोजिया एवं पूर्व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक बहादुर सिंह चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जनता द्वारा चुने गए सरपंच, जनपद सदस्य, नगर पालिका अध्यक्ष, वरिष्ठ पदाधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। जिससे आयोजन में उत्साह और जनभागीदारी का स्पष्ट संदेश देखने को मिला। इस अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया एवं पूर्व विधायक बहादुर सिंह चौहान ने मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी ‘जी राम जी’ योजना के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। नेताओं ने बताया कि यह योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की उस सोच को दर्शाती है, जिसके अंतर्गत समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाना प्राथमिक लक्ष्य है। सांसद फिरोजिया ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार की नीतियाँ केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि धरातल पर उतरकर गांव, गरीब, किसान, श्रमिक और युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। ‘जी राम जी’ योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, अधोसंरचना और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिल रहा है, जिससे गांवों का समग्र विकास संभव हो पा रहा है। ग्रामीणों के उत्साह और युवाओं की सक्रिय भागीदारी को देखते हुए सांसद अनिल फिरोजिया ने भीमाखेड़ा गांव के युवाओं को एक बड़ी सौगात देते हुए गांव में नवीन व्यायामशाला निर्माण की विधिवत घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच ही मजबूत समाज की नींव होती है। यह व्यायामशाला युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को निखारने में सहायक सिद्ध होगी। भाजपा के पूर्व विधायक बहादुर सिंह चौहान पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष ने भी भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि आज प्रदेश में बिना भेदभाव के विकास कार्य हो रहे हैं और हर वर्ग को साथ लेकर चलने की नीति पर सरकार काम कर रही है। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने सांसद एवं पूर्व विधायक का पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया तथा क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन भाजपा की जनहितैषी सोच, मजबूत संगठन और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण बनकर सामने आया।







