महिदपुर रोड थाने में गणेशोत्सव आयोजन समितियों की बैठक, गाइडलाइन का पालन करने के निर्देश।
महिदपुर रोड। आगामी गणेशोत्सव को लेकर रविवार को महिदपुर रोड थाने में गणेशोत्सव आयोजन समिति के संयोजकों एवं सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहायक थाना प्रभारी श्री सुरेशचंद्र सोनगरा की उपस्थिति में गणेश उत्सव के दौरान होने वाली व्यवस्थाओं एवं आवश्यक दिशा-निर्देशों पर चर्चा की गई।
सहायक थाना प्रभारी सोनगरा ने आयोजन समितियों से कहा कि गणेशोत्सव के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइन एवं नियमों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। गणेश प्रतिमा स्थापना एवं पंडाल लगाने से पूर्व संबंधित विभाग से आवश्यक अनुमति लेना सुनिश्चित करें।
उन्होंने पंडाल स्थापना के दौरान यातायात व्यवस्था, बिजली सुरक्षा, साफ-सफाई, अग्नि सुरक्षा एवं आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखने की बात कही। साथ ही कार्यक्रमों में निर्धारित समय-सीमा एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों से संबंधित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।
बैठक में गणेश प्रतिमा विसर्जन एवं अनंत चतुर्दशी के अवसर पर निकलने वाले चल समारोह को लेकर भी चर्चा की गई। आयोजन समितियों से अपील की गई कि विसर्जन के दौरान प्रशासन एवं पुलिस द्वारा निर्धारित मार्ग, समय और व्यवस्थाओं का पालन करें तथा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से गणेश प्रतिमा का विसर्जन करें।
सहायक थाना प्रभारी ने कहा कि गणेशोत्सव आस्था, श्रद्धा और भाईचारे का पर्व है, इसलिए सभी समितियां पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में आयोजन संपन्न कराएं। इस अवसर पुलिस स्टॉफ, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार योगेंद्र सिंह शाक्य, मांगीलाल सोलंकी ,गोपाल उपाध्यक्ष दिनेश मंडोर आदि लोक मौजूद है।







