एंजल्स मां दुर्गा अन्नपूर्णा सेवा ग्रुप के पंडाल में गूंजे माता रानी के जयकारे, पांचवें दिन पोरवाल पूर्णिमा ग्रुप ने की भव्य महाआरती
धार्मिक आयोजनों से समाज में बढ़ती है आस्था और एकता की भावना — अनिल सेठिया

महिदपुर रोड। नगर में शारदीय नवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत एंजल्स मां दुर्गा अन्नपूर्णा सेवा ग्रुप महिदपुर रोड द्वारा स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष पांचवें दिन पोरवाल पूर्णिमा ग्रुप महिदपुर रोड के तत्वावधान में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पोरवाल समाज के सदस्यों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर माता रानी की पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
महाआरती के दौरान पूरा पंडाल माता रानी के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर पोरवाल समाज के अनिल सेठिया ने जानकारी देते हुए बताया कि एंजल्स मां दुर्गा अन्नपूर्णा सेवा ग्रुप द्वारा लगातार धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन किए जा रहे हैं, जो अत्यंत सराहनीय पहल है। ऐसे आयोजनों से न केवल समाज में धार्मिक आस्था मजबूत होती है, बल्कि आपसी भाईचारा, एकता एवं सेवा की भावना को भी बढ़ावा मिलता है।
उन्होंने ग्रुप के आयोजक योगेंद्र सिंह शाक्य एवं उनकी पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज को एकजुट करने का यह कार्य प्रशंसनीय है। भविष्य में भी इसी प्रकार धार्मिक एवं जनसेवा के कार्य निरंतर जारी रहने चाहिए।
एंजल्स मां दुर्गा अन्नपूर्णा सेवा ग्रुप के संयोजक योगेंद्र सिंह शाक्य ने महाआरती में शामिल पोरवाल पूर्णिमा ग्रुप के समस्त सदस्यों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माता रानी की कृपा एवं नगरवासियों के सहयोग से नवरात्रि महोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था के साथ मानव सेवा ही हमारे ग्रुप का मुख्य उद्देश्य है। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर धार्मिक एवं सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।







