कांटेवाले खेड़ापति हनुमान मंदिर में अखंड नवदिवसीय रामायण पाठ की पूर्णाहुति, हवन-यज्ञ में श्रद्धालुओं ने लिया धर्मलाभ।

झारड़ा। नगर के प्रसिद्ध श्री कांटेवाले खेड़ापति हनुमान जी मंदिर में आयोजित अखंड नवदिवसीय रामायण पाठ का धार्मिक उत्साह एवं भक्तिमय वातावरण में विधि-विधान के साथ समापन हुआ। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान श्री हनुमान जी महाराज के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर धर्मलाभ प्राप्त किया।
मंगलवार को नवमी तिथि के पावन अवसर पर अखंड रामायण पाठ की पूर्णाहुति के उपलक्ष्य में विशेष हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। मंदिर के पुजारी पंडित प्रदीप बैरागी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ भगवान श्री हनुमान जी महाराज एवं यज्ञ नारायण की पूजा-अर्चना कर हवन-यज्ञ का शुभारंभ किया गया।
इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने हवन कुंड में आहुतियां अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की मंगलकामना की। हवन-यज्ञ में भक्तों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार एवं भगवान श्रीराम और हनुमान जी के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।
पूर्णाहुति के पश्चात भगवान श्री हनुमान जी महाराज एवं यज्ञ नारायण की भव्य महाआरती की गई। इसके बाद उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण किया गया।
नौ दिनों तक चले अखंड रामायण पाठ के समापन पर श्रद्धालुओं में विशेष धार्मिक उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।







