श्री राम कथा एवं हिन्दू सम्मेलन को लेकर निकली भव्य कलश यात्रा
महिदपुर। समीपस्थ ग्राम कड़ाई स्थित प्राचीन श्री चिन्तामण गणेश मंदिर के पावन प्रांगण में श्री राम कथा एवं हिन्दू सम्मेलन के भव्य आयोजन का शुभारंभ बुधवार को कलश यात्रा के साथ हुआ। बड़ी संख्या में सनातनी महिला-पुरुषों की सहभागिता के साथ निकली इस कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
श्री राम कथा का आयोजन पं. श्री श्यामजी मनावत के सुमधुर एवं ओजस्वी प्रवचनों के साथ 14 जनवरी से 20 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। कथा के प्रथम दिवस से ही श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति देखी जा रही है।
आयोजन समिति के अध्यक्ष सुभाष ठाकुर ने बताया कि मकर संक्रांति के पावन अवसर पर कलश यात्रा एवं कथा प्रारंभ की गई। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नारायणा रोड चौराहा से विशेष वाहन व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त ग्राम कड़ाई के प्रवीण उपाध्याय द्वारा भी निःशुल्क वाहन सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
कथा का विश्राम एवं महाप्रसादी मंगलवार, 20 जनवरी 2026 को होगी। इसी दिन हिन्दू सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक प्रवचन कार्यक्रम निर्धारित है।
इस धार्मिक आयोजन के प्रेरणा स्रोत समाजसेवी भागीरथजी वर्मा हैं। आयोजन श्री राम कथा महोत्सव समिति के तत्वावधान में तथा निवेदक श्री चिन्तामण गणेश मंदिर समिति द्वारा किया जा रहा है।
आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर धर्मलाभ लेने की अपील की







