चौक बाजार में हनुमान जन्मोत्सव पर संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन
महिदपुर। श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर चौक बाजार स्थित श्री रणजीत हनुमान मंदिर में विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे । गुरुवार रात 8 बजे उज्जैन के मंडल द्वारा संगीतमय सुंदरकांड की प्रस्तुति दी जाएगी, जिसकी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
मंदिर के पुजारी सत्यनारायण रावल ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार को भगवान हनुमान का विधि-विधान से अभिषेक एवं पूजन संपन्न हुआ। गुरुवार सुबह भगवान का आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा, वहीं शाम 7:30 बजे महाआरती का आयोजन होगा।
महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी का वितरण किया जाएगा। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक धर्मप्रेमी नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।







