खास खबर प्रहलाद राठौड़ के साथ
ग्राम खारोल खेड़ा में श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ, निकली भव्य कलश एवं शोभायात्रा
खारोल खेड़ा। ग्राम खारोल खेड़ा में श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का आयोजन धार्मिक उत्साह एवं श्रद्धा के साथ प्रारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिवस पर गांव के प्रमुख मार्गों से भव्य गंगाजल कलश एवं शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा के दौरान श्रीमद् भागवत महापुराण की पोथी को श्रद्धापूर्वक सिर पर धारण कर गांव के विभिन्न मार्गों से यात्रा निकाली गई। कथा के प्रथम दिवस के मुख्य यजमान हीरालाल मार साहब के सुपुत्र प्रदीप कुमार चौहान एवं धर्मपत्नी श्रीमती उषा चौहान द्वारा विधिवत आरती एवं पूजन किया गया। इसके पश्चात श्रीमद् भागवत पोथी को कथा पंडाल में स्थापित किया गया।
कथा के प्रथम दिवस कथावाचक पंडित श्री राहुल कृष्ण जी जोशी, लसूडिया मंसूर ने अपने मुखारविंद से श्रद्धालुओं को भक्ति प्रसंग के अंतर्गत गोकर्ण एवं धुंधकारी की कथा का भावपूर्ण वर्णन सुनाया। कथा के माध्यम से उन्होंने श्रद्धालुओं को पारिवारिक, धार्मिक एवं राष्ट्रीय भावनाओं से जोड़ते हुए धर्म एवं संस्कारों का संदेश दिया।
कथा के पश्चात आरती का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी एवं भोजन भंडारे की व्यवस्था भी की गई।
कथा आयोजन समिति ने आसपास के ग्रामों के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कर धर्मलाभ लेने की अपील की।







