-
सांवरिया सेठ की पैदल यात्रा का भव्य शुभारंभ, जगह-जगह हुआ स्वागत
महिदपुर रोड। नगर में सांवरिया सेठ के दरबार के लिए प्रतिवर्ष निकाली जाने वाली पैदल यात्रा का इस वर्ष भी धार्मिक उत्साह और भव्यता के साथ शुभारंभ हुआ। यात्रा से पूर्व नगर स्थित श्री गणेश मंदिर में श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर यात्रा की सफलता के लिए मंगलकामना की।
संतोष विश्वकर्मा भरा सेट के नेतृत्व में निकाली जा रही इस धार्मिक पैदल यात्रा में करीब 70 धर्मप्रेमी श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भगवा ध्वज और धार्मिक ध्वज लेकर उत्साह के साथ सांवरिया सेठ के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। यात्रा में विशेष रूप से सुसज्जित रथ भी आकर्षण का केंद्र रहा।
यात्रा के नगर में पहुंचने पर नागदा चौराहा, पोस्ट ऑफिस चौराहा, सब्जी मंडी और श्रीराम मंदिर सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों द्वारा पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया तथा पुष्पवर्षा कर यात्रियों का उत्साह बढ़ाया गया।
पोस्ट ऑफिस चौराहे स्थित मां दुर्गा मंदिर पर पंडित सोमेश्वर उपाध्याय द्वारा यात्रा में शामिल सभी भक्तों को धार्मिक संकल्प दिलाया गया। इसके पश्चात भक्तों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर सांवरिया सेठ के दरबार की ओर पैदल यात्रा प्रारंभ की।
यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान सांवरिया सेठ से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी और जगह-जगह हुए स्वागत से नगर में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला।







