महिदपुर मंडी में शुद्ध पेयजल की मांग पर आंदोलन,
सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक बोस भी पहुंचे
हम्माल-तुलावटी संघ का प्रदर्शन, टीआई पर मारपीट का आरोप; आज से अनिश्चितकाल के लिए नीलामी बंद
महिदपुर। कृषि उपज मंडी में शुद्ध पेयजल की मांग को लेकर बुधवार को हम्माल-तुलावटी संघ द्वारा शुरू किया गया प्रदर्शन पुलिस हस्तक्षेप के बाद बड़ा विवाद बन गया। सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक दिनेश जैन बोस भी मंडी परिसर पहुंचे तथा आंदोलनकारियों तथा प्रशासन से चर्चा कर दोषियों पर कार्यवाही की मांग की।
जानकारी के अनुसार मंडी में लंबे समय से शुद्ध पेयजल की समस्या बनी हुई है। भीषण गर्मी के बीच किसान, हम्माल और तुलावटी परेशान हो रहे थे। हम्माल-तुलावटी संघ का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद मंडी प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया। बुधवार को टंकी में दूषित पानी मिलने पर संघ के सदस्य जिम्मेदार अधिकारियों से चर्चा करने पहुंचे, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें बाहर कर दिया गया।
इसके बाद नाराज संघ सदस्यों ने मंडी का गेट बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर टीआई नरेंद्रसिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मंडी प्रशासन के इशारे पर टीआई ने तुलावटी संघ के अध्यक्ष बाबूलाल के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोट आई। घटना के बाद हम्माल और तुलावटी आक्रोशित हो गए और सड़क पर बैठकर मंडी सचिव आश्विन सिन्हा, प्रांगण प्रभारी लोकेश मिश्रा और टीआई नरेन्द्र सिंह परिहार को निलंबित करने की मांग करने लगे। विधायक दिनेश जैन बोस ने भी उनकी मांगों का समर्थन करते हुए उन्हें न्याय देने की बात कही। विधायक भी उनके समर्थन में भरी धूप में उनके साथ सड़क पर बैठ गये। मौके पर एसडीएम अजय हिंगे, एसडीओपी जेंडेन लिंगजेरपा, तहसीलदार संतुष्टि पाल और नायब तहसीलदार राजेश चौहान पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन संघ सदस्य तत्काल निलंबन की मांग पर अड़े रहे। दिनभर मंडी परिसर में नाटकीय घटनाक्रम चलता रहा। प्रदर्शनकारी कभी विधायक के साथ सड़क पर धरने पर बैठ जाते तो कभी अधिकारियों से चर्चा करने अंदर चले जाते।
काफी नोक झोंक व जद्दोजहद के बाद विधायक बोस के हस्तक्षेप पर पीड़ित के आवेदन पर कार्यवाही के आश्वासन के बाद आवेदन प्रशासनिक अधिकारियों को दिया गया जिसका वाचन पीड़ित हम्माल द्वारा विधायक व जिला पंचायत सदस्य प्रतापसिंह आर्य की उपस्थिति में सार्वजनिक रुप से कर दिया गया। जिसके बाद हम्माल का मेडिकल कराया गया।
शाम 6 बजे बड़े कांटे पर उपज का तौल शुरू हुआ स्थिति नहीं संभलने पर शाम करीब 6 बजे बड़े इलेक्ट्रॉनिक कटि पर तौल कार्य शुरू कराया गया। वहीं हम्माल-तुलावटी संघ ने हड़ताल की घोषणा कर दी है। जिसके चलते गुरुवार 14 मई से नीलामी कार्य अनिश्चितकालीन बंद रहेगा। मंडी प्रशासन ने किसानों से फिलहाल मंडी में उपज नहीं लाने की अपील भी की है। मामले में मंडी सचिव आश्विन सिन्हा ने की कहा कि संघ के सदस्य उनके पास नहीं आए थे, बल्कि वे स्वयं उनसे चर्चा करने गए थे। उन्होंने बताया कि पानी टंकियों की सफाई करा दी गई है तथा पुराने प्रांगण में किसानों और हम्मालों के लिए वाटर कूलर की व्यवस्था भी की जा रही है। वहीं टीआई नरेंद्रसिंह परिहार ने मारपीट के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि दूध का टैंकर निकालने के दौरान बाबूलाल सड़क पर बैठ गए थे। उन्हें हटाने की कोशिश में कपड़े फट गए, लेकिन किसी प्रकार की मारपीट नहीं हुई।
किसान हुए परेशान, उपज नीलाम किए बिना लौटे
दिनभर चले विवाद के चलते किसानों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। जिन किसानों की नीलामी हो चुकी थी उनका माल तौल नहीं हो पाया, जबकि कई किसान शाम तक इंतजार करते रहे। माहौल बिगड़ता देख कुछ किसान बिना नीलामी कराए ही अपनी उपज वापस लेकर लौट गए।
किसानों के प्रदर्शन के चलते मंडी के बाहर रोड पर ट्रैफिक व्यवस्था अस्त व्यस्त रही।







