गोगापुर में गुरु पूर्णिमा पर गुरु पूजन के साथ एक माह के अखंड श्रावण मास रामायण पाठ का शुभारंभ
गोगापुर स्थित श्री गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ गुरु पूजन, अर्चन एवं महाआरती संपन्न हुई। इस शुभ अवसर पर एक माह तक निरंतर चलने वाले अखंड श्रावण मास रामायण पाठ का विधिवत श्रीगणेश किया गया।
मंदिर परिसर में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के अंतर्गत पूरे श्रावण मास तक 24 घंटे वैष्णव पंडितों द्वारा अखंड रामायण पाठ किया जाएगा। साथ ही श्रावण माह के प्रत्येक सोमवार को पं. आचार्य ओमप्रकाश शर्मा द्वारा भगवान श्री गुप्तेश्वर महादेव का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष रुद्राभिषेक एवं अभिषेक संपन्न कराया जाएगा।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन एवं आरती में सहभागिता कर धर्म लाभ प्राप्त किया तथा अखंड रामायण पाठ के सफल आयोजन की मंगलकामना की।
इस संबंध में मंदिर के पुजारी लखन बैरागी ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रावण मास के दौरान प्रतिदिन धार्मिक आयोजन एवं रामायण पाठ निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मंदिर पहुंचकर धर्म लाभ लेने एवं आयोजन में सहभागिता करने की अपील की।







